रायपुर:प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ने दुर्ग जिले में ऊर्जा क्रांति ला दी है। इस योजना के अंतर्गत नागरिक न केवल भारी बिजली बिलों से छुटकारा पा रहे हैं, बल्कि अतिरिक्त यूनिट ग्रिड को बेचकर अतिरिक्त आमदनी भी अर्जित कर रहे हैं। केंद्र और राज्य सरकार द्वारा दी जा रही डबल सब्सिडी ने आम लोगों के लिए घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाना पहले से कहीं ज्यादा आसान और किफायती बना दिया है।
1.08 लाख रुपए तक की सब्सिडी
इस योजना के तहत उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने पर अधिकतम 1.08 लाख रुपये तक की सब्सिडी प्रदान की जा रही है। इस वजह से सोलर पैनल लगाने में आर्थिक बोझ नहीं पड़ रहा। एक बार लग जाने के बाद यह सिस्टम वर्षों तक बिना बड़े रखरखाव के कार्य करता है और उपभोक्ताओं को लंबे समय तक लाभ पहुँचाता है।
जागरूकता के लिए “सूर्य रथ”
लोगों को योजना की जानकारी देने के लिए विगत दिवस स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने एक “सूर्य रथ” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के विभिन्न इलाकों में जाकर नागरिकों को बताएगा कि वे कैसे अपनी छतों पर सोलर पैनल लगाकर बिजली बिल कम कर सकते हैं और पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकते हैं।








