रायपुर: उच्च शिक्षा विभाग द्वारा निर्देशित छत्तीसगढ़ 2025 रजत जयंती समारोह के श्रृंखला के अंतर्गत विप्र कला ,वाणिज्य एवं शारीरिक शिक्षा महाविद्यालय में “भूतपूर्व छात्र मिलन समारोह” का आयोजन किया गया।
“भूतपूर्व छात्र मिलन समारोह”में 2005 के बाद के छात्र-छात्राओं की उपस्थिति और उनके उत्साह ने कार्यक्रम को यादगार बनाया ।”भूतपूर्व छात्र मिलन समारोह”को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ.मेघेश तिवारी ने कहा कि पूर्व विद्यार्थी को अपने महाविद्यालय से निरंतर जुड़े रहना चाहिए ।आप भी खेल मैदान, लाइब्रेरी, इनडोर स्टेडियम ,जिम सहित महाविद्यालय के अन्य संसाधनों का उपयोग कर सकते हैं। महाविद्यालय के विकास में पूर्व छात्रों का सहयोग ,सुझाव और मार्गदर्शन आवश्यक है, क्योंकि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत शिक्षा के निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करना विकसित छत्तीसगढ़ की परिकल्पना को यथार्थ स्वरूप प्रदान करेगा।
इसके उपरांत रीना शुक्ला, ग्यास अहमद, विकास देवांगन सहित समस्त पूर्व विद्यार्थियों ने परिचर्चा के माध्यम से विकसित छत्तीसगढ़ के लिए हर स्तर पर संगठन और एकता की आवश्यकता को समझते हुए महाविद्यालय से सक्रिय रूप से जुड़कर सार्थक प्रयास करने की बात कही।
“भूतपूर्व छात्र मिलन समारोह” में पूर्व छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम डांस, सॉन्ग और रोचक गेम के माध्यम से अपने कॉलेज के पुराने दिनों को याद किया। कार्यक्रम का संचालन मोहित श्रीवास्तव, डॉ. कंचन मिश्रा और प्रीति मिश्रा ने किया ।इस अवसर पर डॉ. विवेक शर्मा ,डॉ .कैलाश शर्मा, डॉ. दिव्या शर्मा सहित समस्त प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में पूर्व छात्र उपस्थित थे।








