रायपुर:उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने आज जांजगीर-नैला नगर पालिका और चांपा नगर पालिका में 19 करोड़ 53 लाख रुपए से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। उन्होंने इस दौरान जांजगीर-नैला में नगर पालिका के कार्यालय भवन के लिए 2.5 करोड़ रुपए, विकास कार्याें के लिए 2.5 करोड़ रुपए तथा चांपा नगर पालिका में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार एवं विकास कार्याें के लिए 3 करोड़ रुपए देने की घोषणा की।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने जिला मुख्यालय जांजगीर में 4 करोड़ 37 लाख रुपए की लागत से जांजगीर के वार्ड क्रमांक 21 में नालंदा परिसर (सेंट्रल लाइब्रेरी-सह-रीडिंग जोन), 10.84 करोड़ रुपए की लागत से एसटीपी निर्माण कार्य एवं 1.97 करोड़ रुपए की लागत से वार्ड क्रमांक 1 एवं 2 में पाइपलाइन विस्तार एवं सम्पवेल निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। उन्होंने इनके साथ ही 30 लाख रुपए की लागत से अटल परिसर और 20 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित चौपाटी का लोकार्पण भी किया।








