रायपुर:पुरातत्व, ऐतिहासिक नगरी एवं पर्यटन स्थल सिरपुर के लक्ष्मण मंदिर परिसर में ग्यारहवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ। यह आयोजन पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग रायपुर मंडल द्वारा किया गया। कार्यक्रम में लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, स्काउट गाइड संघ के जिलाध्यक्ष येतराम साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा पटेल, नगरपालिका महासमुंद उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, कलेक्टर विनय लंगेह, पुलिस अधीक्षक आशुतोष सिंह सहित स्कूली बच्चे, ग्रामीण एवं युवा जन मौजूद थे। कार्यक्रम में सैकड़ों स्कूली विद्यार्थियों संग जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन के आला अधिकारी सहित कर्मचारियों ने योगा के विभिन आसनों का अभ्यास किया। कार्यक्रम में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के राज्य प्रमुख श्री मुथैयाकाली मुथूट मौजूद थे ।
इस अवसर पर सांसद श्रीमती चौधरी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो तन, मन और आत्मा का संतुलन स्थापित करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रयासों से आज पूरा विश्व योग की महत्ता को समझते हुए 21 जून को योग दिवस मनाता है। योग व्यक्ति को न केवल निरोग बनाता है, बल्कि मानसिक शांति और सकारात्मक सोच भी प्रदान करता है।









