दिल्ली:भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आज पूसा कैंपस के भारत रत्न सी. सुब्रह्मण्यम ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन-खरीफ अभियान 2025 का सफल आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर 10 से अधिक राज्यों के कृषि मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, वैज्ञानिकगण एवं तकनीकी विशेषज्ञ उपस्थित रहे, जबकि अन्य राज्यों के प्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से सम्मिलित हुए।
केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि देश की 145 करोड़ जनता के लिए पर्याप्त खाद्यान्न, फल एवं सब्जियों की उपलब्धता सुनिश्चित करना हम सबकी साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने 29 मई 2025 से विकसित कृषि संकल्प अभियान के रूप में राष्ट्रव्यापी जन-जागरूकता अभियान प्रारंभ करने की घोषणा की, जिसके अंतर्गत वैज्ञानिकों की 4-4 सदस्यीय टीमें गांव-गांव पहुंचकर किसानों को उन्नत तकनीक, नई किस्मों एवं आधुनिक कृषि पद्धतियों की जानकारी देंगी।








