रायपुर:इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के विद्यार्थी अब उच्च शिक्षा एवं अनुसंधान के लिए उज़्बेकिस्तान जा सकेंगे और उज़्बेकिस्तान के विद्यार्थी कृषि विश्वविद्यालय में अध्ययन एवं शोध कर सकेंगे। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर छत्तीसगढ़ एवं डेनाउ इंस्टीट्यूट ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप एंड पेडागॉजी, डेनाउ, उज़्बेकिस्तान के बीच आज इस आशय का एक समझौता किया गया। उज़्बेकिस्तान में भारत की राजदूत स्मिता पंत की उपस्थिति में संपन्न ऑनलाइन अनुबंध समारोह में द्विपक्षीय समझौता ज्ञापन पर कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल तथा डेनाउ इंस्टीट्यूट ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप एंड पेडागॉजी के कुलाधिसचिव (रेक्टर) प्रो. आयबेक रोज़िव ने हस्ताक्षर किए। इस द्विपक्षीय समझौते के अनुसार दोनो संस्थानों के विद्यार्थी स्नातक, स्नातकोत्तर तथा शोध पाठ्यक्रमों में अध्ययन हेतु एक-दूसरे संस्थान में जा सकेंगे। इसी प्रकार दोनों संस्थानों के प्राध्यापक एवं वैज्ञानिक भी एक-दूसरे के संस्थान में अध्ययन एवं अनुसंधान कर सकेंगे। आज हुए समझौते से इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर उच्च शिक्षा एवं अनुसंधान के आकाश को नया विस्तार मिला है।









