रायपुर:मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में आज से शुरू हुए सुशासन तिहार को लेकर लोगों में अच्छा खासा उत्साह देखने को मिला। नगर पालिक निगम राजनांदगांव के विभिन्न वार्डाें में निर्धारित स्थलों पर लगी समाधान पेटी में लोगों ने अपनी शिकायतों एवं समस्याओं एवं मांगों से संबंधित 729 आवेदन जमा किए।
सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाना, जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करना और शासन व नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। इसी क्रम में 8 से 11 अप्रैल तक प्रथम चरण के अंतर्गत नगर निगम के सभी 51 वार्डों में आवेदन लेने की विशेष व्यवस्था निगम-प्रशासन द्वारा सुनिश्चित की गई है। वहां नगर निगम के कर्मचारी निर्धारित समय तक उपस्थित रहकर नागरिकों से आवेदन प्राप्त कर उन्हें विधिवत पावती प्रदान कर रहे हैं। पहले दिन प्राप्त 729 आवेदनों में प्रमुख रूप से बिजली, पानी, स्वच्छता, प्रधानमंत्री आवास योजना, निर्माण कार्यों, अतिक्रमण तथा अन्य स्थानीय समस्याओं से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए।










