
रायपुर:त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 तीन चरणों में संपन्न हो रहा है। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा 20 जनवरी को नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन हेतु तारीखों की घोषणा की गई थी। राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री अजय सिंह ने बताया कि निर्वाचन हेतु सभी तैयारियां समय पूर्व सुनिश्चित कर ली गई है। उन्होनें बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन हेतु जारी कार्यक्रम अनुसार 27 जनवरी को त्रिस्तरीय पंचायत हेतु निर्वाचन की सूचना के प्रकाशन के साथ ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर 03 फरवरी 2025 दिन सोमवार को दोपहर 3 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई थी। अभ्यर्थिता से नाम वापस 06 फरवरी 2025 दिन गुरूवार को 3 बजे तक ली गई तथा निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार करना, प्रकाशन करना तथा निर्वाचन प्रतीकों के आबंटन के लिए 06 फरवरी की तिथि निर्धारित की गई थी।








