रायपुर:उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अपने निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद और छत्तीसगढ़ रीजनल साइंस सेंटर तथा तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक ली। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि साइंस सिटी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस गैलरी, स्पेस म्यूजियम और क्लाइमेट चेंज म्यूजियम की स्थापना की जाए। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इन आधुनिक संस्थानों का उद्देश्य युवाओं को भविष्य की तकनीकों और पर्यावरणीय शोध से जोड़ना होगा। बैठक में उन्होंने प्रदेश में बड़े निर्माण कार्यों की प्रगति की उपग्रह चित्रों के माध्यम से निगरानी करने की भी बात कही। उन्होंने सूरजपुर जिले के प्रतापपुर तहसील के ग्राम मायापुर में एस्ट्रो साइंस सेंटर की स्थापना को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि प्रदेश के छात्रों और शोधकर्ताओं को खगोल विज्ञान के क्षेत्र में एक मंच मिल सके। इसके अलावा प्रदेश में बौद्धिक संपदा अधिकारों के संरक्षण के लिए हेल्पलाइन व्यवस्था शुरुआत करने के निर्देश दिए।
बैठक में उपमुख्यमंत्री ने प्रदेश के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और नवाचार एवं उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए गुजरात की तर्ज पर स्टूडेंट स्टार्टअप एंड इनोवेशन पालिसी तैयार करने के निर्देश दिए। इस नीति के अंतर्गत एक विशेष नवाचार केंद्र आई हब स्थापित किया जाएगा, जो प्रदेश के युवाओं को उनके स्टार्टअप और नवाचार विचारों को साकार करने के लिए मार्गदर्शन और संसाधन प्रदान करेगा।








