रायपुर:छत्तीसगढ़ युवा विकास संगठन द्वारा संचालित विप्र महाविद्यालय में आयुर्वेदिक महाविद्यालय द्वारा विशेष प्रकृति परीक्षण एवं स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

यह जानकारी देते हुए प्राचार्य डॉ मेघेश तिवारी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को उनके शरीर की प्रकृति और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था।
शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय रायपुर के डॉ आशीष शर्मा, डॉ हरीश साहू, डॉ योगराज प्रजापति, डॉ निकिता मिंज, डॉ नम्रता भगत, डॉ योगिता शर्मा, डॉ धर्मेंद्र बिंझवार, डॉ दीपिका दास, डॉ आनंदिता पांडे, डॉ चंपा साहू की उपस्थिति में लगभग 600 विद्यार्थियों का परीक्षण किया गया। उन्होंने आयुर्वेदिक चिकित्सा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि शरीर में वात, कफ और पित्त जैसे दोष किस प्रकार संतुलन बिगाड़ सकते हैं और इनके असंतुलन से विभिन्न बीमारियाँ हो सकती हैं।

डॉ आशीष शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संविधान दिवस पर लॉन्च किए गए प्रकृति परीक्षण ऐप के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस ऐप के माध्यम से व्यक्ति अपनी व्यक्तिगत जानकारी भरकर अपने शरीर की प्रकृति को जान सकता है। साथ ही, यह ऐप मौसमी बीमारियों से बचाव, उचित आहार, जीवनशैली और स्वास्थ्य संबंधी सुझाव समय-समय पर संदेश के माध्यम से प्रदान करता है।
विद्यार्थियों को आयुर्वेद और प्रकृति परीक्षण से संबंधित उपयोगी जानकारी भी दी गई। उन्हें यह भी बताया गया कि विभिन्न ऋतुओं में भोजन और दिनचर्या कैसी होनी चाहिए। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक आयुर्वेदिक स्वास्थ्य सुझावों को समझा और प्रकृति परीक्षण ऐप को उपयोग करने का संकल्प लिया।










