रायपुर:



मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद ग्रामीणों से मिलने पहली बार अपने गृह जिले जशपुर के विभिन्न गांवों में पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का ग्रामीणों ने पारंपरिक वेशभूषा में मांदर और ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। अपनी माटी के लाल की एक झलक पाने के लिए शाम से ही लोग पलक-पावड़े बिछाकर उनका इंतजार कर रहे थे। ग्रामीणोें का उत्साह देखकर सहज ही यह अनुभूति हो रही थी कि उनका कोई अपना प्रदेश का मुखिया बना है। लोग अपने विशिष्ट अंदाज में मुख्यमंत्री का स्वागत करने के लिए उत्साहित थे। पुष्प वर्षा, फूलों के हार और विजय तिलक लगाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। खुली जीप से उतर कर मुख्यमंत्री बड़ी आत्मीयता के साथ लोगों से मुलाकात करते रहे। इस अवसर पर विधायक गोमती साय भी मौजूद थीं।









