
बेमेतरा:जिला चिकित्सालय में स्थापित आधुनिक डायलिसिस यूनिट किडनी रोगियों के लिए वरदान साबित हो रही है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मातृ एवं शिशु चिकित्सालय (एमसीएच) भवन में संचालित यह सुविधा अब तक 300 से अधिक मरीजों को जीवनदायी उपचार प्रदान कर चुकी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला चिकित्सालय में डायलिसिस सुविधा की शुरुआत 8 दिसंबर 2022 को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय डायलिसिस कार्यक्रम ‘जीवनधारा’ के अंतर्गत की गई थी। प्रारंभ से ही यहां मरीजों को निःशुल्क डायलिसिस सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। वर्तमान में यूनिट में 5 अत्याधुनिक डायलिसिस मशीनें स्थापित हैं, जिनके माध्यम से अब तक 7,000 से अधिक डायलिसिस सेशन सफलतापूर्वक पूरे किए जा चुके हैं। प्रतिमाह औसतन 300 से अधिक सेशन संचालित हो रहे हैं, जबकि वर्तमान में 27 सक्रिय मरीज नियमित रूप से यहां उपचार प्राप्त कर रहे हैं।
डायलिसिस यूनिट का नियमित निरीक्षण एम.डी. मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. अस्मिता श्रीवास्तव एवं सिविल सर्जन डॉ. लोकेश साहू द्वारा किया जा रहा है। डायलिसिस टीम के अनुसार सभी प्रक्रियाएं निर्धारित मानकों एवं सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुरूप संचालित की जा रही हैं। मशीनों का नियमित परीक्षण एवं समय-समय पर मेंटेनेंस सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हुआ है। यह सुविधा पूर्णतः निःशुल्क है।








