
रायपुर:राजनांदगांव जिले के प्रभारी सचिव अविनाश चंपावत ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिले के समस्त विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनहित के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
प्रभारी सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनता की समस्याओं के समाधान के लिए नियमित रूप से फील्ड में जाकर कार्य करें तथा अटल मॉनिटरिंग पोर्टल एवं ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से प्राप्त प्रकरणों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से आम नागरिकों तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
श्री चंपावत ने शिक्षा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में संचालित नवाचारों की समीक्षा करते हुए इन्हें और अधिक प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने के निर्देश दिए। राजस्व प्रकरणों की समीक्षा के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि आवेदकों को अनावश्यक प्रतीक्षा न कराई जाए तथा दोनों पक्षों की सुनवाई करते हुए प्रकरणों का निष्पक्ष ढंग से शीघ्र निराकरण किया जाए।
बैठक में धान उठाव, पीएम आशा योजना तथा प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की भी समीक्षा की गई। प्रभारी सचिव ने जिले में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत 2 हजार से अधिक घरों में सोलर कनेक्शन स्थापित होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को बधाई दी।










