
बेमेतरा: बिरोदा स्थित शिव मंदिर चौक में आयोजित सात दिवसीय भव्य संगीतमय श्री शिव महापुराण कथा में भाजपा किसान नेता एवं सर्व हिंदू सनातन संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेश तिवारी शामिल हुए। इस पावन अवसर पर उन्होंने कथा का श्रद्धापूर्वक श्रवण कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में विख्यात कथा वाचक पंडित दिलीप त्रिपाठी जी द्वारा श्री शिव महापुराण की दिव्य एवं प्रेरणादायक कथा का वाचन किया जा रहा है। कथा के दौरान भगवान शिव के चरित्र, उनकी महिमा, भक्ति और जीवन मूल्यों का अत्यंत भावपूर्ण एवं सारगर्भित वर्णन किया गया, जिससे उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। संगीतमय प्रस्तुति, भजन-कीर्तन एवं आध्यात्मिक वातावरण ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए योगेश तिवारी ने कहा कि श्री शिव महापुराण केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाला महान मार्गदर्शक है। भगवान शिव त्याग, तपस्या, करुणा और सरलता के प्रतीक हैं, जिनसे हमें जीवन में संतुलन, धैर्य और सच्चाई के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक सोच का विकास होता है तथा लोगों के बीच आपसी प्रेम, भाईचारा और आध्यात्मिक चेतना को बल मिलता है। विशेष रूप से गांवों में इस प्रकार के आयोजन हमारी सनातन परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का कार्य करते हैं और नई पीढ़ी को अपने संस्कारों से जोड़ते हैं। योगेश तिवारी जी ने कहा कि आप सभी के प्रयासों से ही ऐसे भव्य और सफल आयोजन संभव हो पाते हैं। उन्होंने कथा श्रवण के लिए उपस्थित श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान भोलेनाथ की कृपा सभी पर बनी रहे और क्षेत्र में सुख, शांति एवं समृद्धि का वातावरण बना रहे। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं, युवा एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।











