
उत्तर बस्तर कांकेर,:प्रदेश सहित जिले में गर्मी का मौसम प्रारंभ हो गया है, भीषण गर्मी एवं ताप की लहर ‘लू’ से बचाव हेतु जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी द्वारा नागरिकों के लिए समसामयिक सलाह जारी की गई है, जिसमें गर्मी के पहले और गर्मी के दौरान सुरक्षात्मक उपाय करने के संबंध में दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।
‘लू’ से बचाव के लिए उन्होंने समसामयिक सुझाव देते हुए कहा कि जहां तक संभव हो, तेज धूप में जाने से बचें, खास कर दोपहर 12 से 03 बजे के बीच घर से बाहर जाने से यथासंभव बचना चाहिए। प्यास न लगने पर भी लगातार अंतराल में पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं, यात्रा के दौरान हमेशा पीने का पानी साथ में रखें। इसी तरह हल्के रंग के ढीले, सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। लोगों को सुरक्षात्मक चश्मे, छाता, टोपी का प्रयोग करने, धूप में निकलते समय सिर ढंकने के लिए तौलिया या गमछा सहित जूते-चप्पल पहनने का सुझाव दिया गया है। जब बाहर का तापमान अधिक हो तो चिलचिलाती धूप में अधिक ऊर्जा एवं शक्ति लगने वाली गतिविधियों से बचें। यदि बाहर काम करना है तो अपने सिर को ढंकने के लिए गीले कपड़े या छाते का इस्तेमाल करें। हल्का भोजन और पानी की मात्रा से भरपूर फल जैसे खरबूजे, ककड़ी और खट्टे फल खाएं। मांस और नट्स जैसे उच्च प्रोटीन वाले खाद्य पदार्थों के सेवन से जरूर बचें, बासी भोजन से परहेज करें। घर में बने भोजन और पारंपरिक स्वास्थ्यवर्धक पेय पदार्थो जैसे नींबू पानी, छाछ और जूस आदि का उपयोग करें। पार्क किए गए वाहनों में बच्चों और पालतू जानवरों को अकेला न छोड़ें। पशुओं को छाया में रखें और उन्हें पीने के लिए पर्याप्त पानी दें।






