
रायपुर:उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज कलेक्टर कार्यालय कवर्धा में निर्माण एजेंसी, सीजीएमएससी तथा जिला अस्पताल के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक लेकर मेडिकल कॉलेज भवन निर्माण की प्रगति और आगामी शैक्षणिक सत्र की तैयारियों की गहन समीक्षा की। बैठक में उन्होंने निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति, समय-सीमा और गुणवत्ता को लेकर अधिकारियों से विस्तार से जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने स्पष्ट रूप से कहा कि मेडिकल कॉलेज भवन का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देशित किया कि एकेडमिक बिल्डिंग का निर्माण 31 मई 2027 तक तथा ब्वॉयज एवं गर्ल्स हॉस्टल, इंटर्न्स मेस, डीन एवं एमएस के आवास, लैब सहित अन्य सभी आवश्यक भवनों का निर्माण 31 मार्च 2027 तक हर हाल में पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में उन्होंने निर्माण एजेंसियों को 15 दिनों में विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने एवं उसी के अनुरूप निर्माण कार्य को गति देने के निर्देश दिए। साथ ही, हर 15 दिन में कार्य प्रगति की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा ताकि कार्य की नियमित समीक्षा की जा सके।
उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने निर्माण कार्य की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक शुक्रवार को निर्माण स्थल का निरीक्षण करें और कार्य की वास्तविक प्रगति का आकलन करें। उन्होंने कहा कि यदि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा या समस्या आती है, तो उसे तत्काल साझा किया जाए, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके।








