
रायपुर:छत्तीसगढ़ शासन द्वारा मातृशक्ति के सशक्तीकरण और आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित महतारी वंदन योजना आज प्रदेश की लाखों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में लागू यह योजना महिलाओं को आर्थिक सहयोग प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही है। योजना के अंतर्गत प्रतिमाह प्राप्त होने वाली एक हजार रुपये की राशि महिलाओं के सपनों को नई उड़ान दे रही है और वे अपने परिवार के साथ-साथ समाज में भी सम्मानजनक स्थान प्राप्त कर रही हैं।
कोरबा जिले में भी महिलाएं इस योजना से लाभान्वित होकर अपने जीवन को नई दिशा दे रही हैं। इन्हीं लाभार्थियों में से एक हैं कोरबा जिले के सीतामढ़ी क्षेत्र में रहने वाली श्रीमती कृष्णा कुर्रे। वो बताती हैं कि पहले परिवार की जरूरतों को पूरा करने के लिए घर से बाहर काम करने जाती थीं, लेकिन उनका मन हमेशा स्वयं का कोई काम शुरू करने का था। बाहर जाकर काम करना उन्हें सहज नहीं लगता था, ऐसे में अपने घर के पास ही कोई स्वरोजगार शुरू करने की इच्छा रखती थीं।
इसी दौरान राज्य शासन द्वारा महतारी वंदन योजना की शुरुआत की गई। योजना की जानकारी मिलने पर उन्होंने तुरंत आवेदन किया और कुछ ही समय में उन्हें इसका लाभ मिलने लगा।






