
कवर्धा:कलेक्टर गोपाल वर्मा ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के पेट्रोल पंप संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक लेकर जिले में पेट्रोलियम उत्पादों की सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित करने के संबंध में शासन के दिशा-निर्देशों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में कलेक्टर ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया कि जिले में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति बाधित न हो ताकि उपभोक्ताओं को समय पर ईंधन उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जा सके।
कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि सभी पेट्रोल पंपों में आगामी एक सप्ताह का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखें। न्यूनतम रिजर्व स्टॉक की स्थिति हर समय बनाए रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पेट्रोल पंप में ड्राई स्थिति उत्पन्न नहीं होने देना है। इसके लिए पंप संचालकों को अग्रिम इंडेंट की व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि समय पर आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
कलेक्टर ने कहा कि भारत सरकार के पेट्रोलियम मंत्रालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सभी पंप संचालकों द्वारा कड़ाई से पालन किया जाए। साथ ही प्रत्येक कार्य दिवस में पेट्रोल और डीजल की खरीदी-बिक्री से संबंधित दैनिक जानकारी जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए, जिससे आपूर्ति व्यवस्था की नियमित निगरानी की जा सके।






