
बेमेतरा:- मां भद्रकाली जिला मानस संघ के तत्वावधान में किसान भवन में भव्य बैठक एवं होली मिलन समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराम के पूजन-अर्चन तथा सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ से हुआ, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय ऊर्जा से आलोकित हो उठा।
बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए मानस व्याख्यानमाला प्रतियोगिता के दोनों चरणों पर चर्चा की गई। प्रथम चरण चारों तहसीलों में सफलतापूर्वक सम्पन्न होने तथा द्वितीय चरण का लोलेसरा में व्यापक स्तर पर आयोजन होने पर संतोष व्यक्त किया गया। वक्ताओं ने आयोजन की गुणवत्ता, सहभागिता और भावनात्मक प्रभाव की सराहना करते हुए आगामी कार्यक्रमों को और अधिक सुव्यवस्थित, जनसहभागी एवं प्रभावी बनाने के सुझाव दिए। छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय मानस व्याख्यानमाला के सफल आयोजन हेतु गुरुकृपा सेवा सत्संग समिति लोलेसरा को सम्मानित किया गया।
बैठक में संरक्षक के रूप में पधारे रीझन सेन, शिव साहू, महेंद्र सिंह चौहान, ईश्वर सिन्हा, माधोराम साहू, ईश्वर सिंह राजपूत, मेहतरु राम ध्रुव, अभ्भन सेन एवं देवलाल सिन्हा ने अपने प्रेरक उद्बोधन में संघ की गतिविधियों को समाज में सांस्कृतिक जागरण का सशक्त माध्यम बताते हुए सतत सेवा, अनुशासन और संगठन विस्तार पर बल दिया।
संगठन विस्तार के अंतर्गत डाॅ मनीष सिन्हा ग्राम बचेड़ी को शक्ति केंद्र देवकर का अध्यक्ष मनोनीत किया गया। वहीं संगठन सचिव छगन लाल साहू ने वार्षिक आय-व्यय का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।
बैठक उपरांत आयोजित होली मिलन समारोह ने पारंपरिक छत्तीसगढ़ी संस्कृति की जीवंत झलक प्रस्तुत की। नगाड़ों की थाप पर संगीतमय फाग गीतों की मधुर धुनों के बीच पारंपरिक एवं पौराणिक लोकगीतों का सामूहिक गायन हुआ। उपस्थित जनों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर आपसी सद्भाव, प्रेम और सामाजिक एकता का संदेश दिया। उत्सव का उल्लासपूर्ण वातावरण पूरे जिले में सांस्कृतिक समरसता का संदेश प्रसारित करता रहा।
कार्यक्रम में जिला कार्यकारिणी एवं पंजीकृत मंडलियों के पदाधिकारियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। नरेन्द्र जायसवाल, विष्णु साहू, डॉ. ओमकार चन्द्राकर, भीखम लाल देवांगन , चन्दु साहू, धनेश वर्मा, बाबूलाल साहू, लता निषाद, कल्याणी सेन, खेलन राजपूत, गजेन्द्र वर्मा, ओम यदु, विश्वनाथ साहू, आत्मा पटेल, विनोद साहू , अजय यादव, रवि कुमार संतोष साहू, बेबी साहू, लता निषाद, रमा साहू, ममता साहू, मनोज चक्रधारी सहित चारों तहसीलों के अध्यक्ष बिहारी लाल यादव, महेश कुमार साहू, उत्तम कुमार साहू एवं श्रवण कुमार साहू की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का सफल एवं सुसंगठित संचालन डॉ. ओमकार चन्द्राकर एवं भीखम लाल देवांगन द्वारा किया गया।










