
कोरबा: पर्यावरण संरक्षण मण्डल द्वारा जिले के बरपाली तहसील अंतर्गत कोरबा पॉवर लिमिटेड (केपील),पताड़ी के प्रस्तावित 1600 मेगावाट के क्षमता विस्तार के लिए शुक्रवार को आयोजित जनसुनवाई सफलता पूर्वक सम्पन्न हो गई। कलेक्टर कोरबा द्वारा छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मण्डल के पर्यावरण स्वीकृति के आदेश के लिए जनसुनवाई 27 फरवरी 2026 को दोपहर 12 बजे से ग्राम सरगबूंदिया स्थित शासकीय स्कूल के खेल मैदान में आयोजित की गई। जिसमें पीठासीन अधिकारी के रूप में कोरबा के अतिरिक्त कलेक्टर देवेन्द्र पटेल, छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मण्डल, कोरबा के क्षेत्रीय अधिकारी अंकुर साहू मौजूद थे। इसके साथ ही एसडीएम सरोज कुमार महिलांगे, कार्यपालक अभियंता प्रसन्ना सोनकर सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे। अदाणी पॉवर लिमिटेड से पर्यावरण विभाग प्रमुख आर एन शुक्ला ने केपील परियोजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जनसुनवाई लगभग 2.30 घंटे तक चली। जिसमें बरपाली तहसील के ग्राम खोड्डल, पताड़ी, सरगबूंदिया,पहंदा, बरीडीह, तिलकेजा इत्यादि सहित कुल 12 गांव के हजारों ग्रामीणों ने भाग लिया। इस दौरान सभा में ग्रामीणों द्वारा मुख्यरूप से क्षेत्र के विकास, नौकरी और स्वरोजगार के लिए उचित प्रबंध सहित कई बातों तथा सुझावों को पीठासीन अधिकारी ने बड़े ही ध्यानपूर्वक सुनकर कंपनी के अधिकारियों की उपस्थिति में संबंधित मांगों पर विचार करने का भरोसा दिलाया।
इस तरह जन सुनवाई में पधारे 95 फीसदी लोगों ने अदाणी पॉवर लिमिटेड के केपील की 800 मेगावाट की दो इकाईयों के क्षमता विस्तारण का समर्थन किया।
जनसुनवाई के अंत में अदाणी पॉवर लिमिटेड के प्रोजेक्ट प्रमुख श्री सी वी के प्रसाद ने कहा कि, “परियोजना के आने से जहां रोजगार सृजन से हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा तो वहीं सामाजिक सरोकारों के जरिए ग्रामों में शिक्षा, स्वास्थ्य, अधोसंरचना विकास के नए आयाम खुलेंगे। अदानी पॉवर क्षेत्र में रोजगारोन्मुख, विकासात्मक तथा ग्रामों के उन्नयन के लिए प्रतिबद्ध है।“ उन्होंने जनसुनवाई में कंपनी की पक्ष में अपने विचार रखने उपस्थित सभी ग्रामीणजनों, प्रशासनिक अधिकारियों, हितधारकों, तथा जनसुनवाई के आयोजन में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से भाग लेने वाले सभी लोगों को धन्यवाद ज्ञापित कर आभार जताया।







