
जांजगीर-चांपा:जिला में 11 से 13 फरवरी तक शासकीय हाईस्कूल मैदान, जांजगीर एवं कृषि विज्ञान केन्द्र, जर्वे में आयोजित तीन दिवसीय जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला 2026 का समापन कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
समापन अवसर पर अतिथियों द्वारा जाज्वल्या 2026 स्मारिका का विमोचन किया गया। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले स्कूली छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय कलाकारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पंथी नृत्य एवं मल्लखंभ की आकर्षक प्रस्तुतियां भी दी गईं।
कृषि एवं तकनीक के संगम से समृद्धि की ओर
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि एग्रीटेक कृषि मेला 2026 किसानों और युवाओं के लिए नवाचार का महत्वपूर्ण मंच सिद्ध हुआ है। उन्होंने कहा कि जांजगीर-चांपा कृषि की समृद्ध धरती है, जहां परंपरा और आधुनिक तकनीक का सुंदर समन्वय देखने को मिलता है।










