
रायपुर:कृषि विभाग की केन्द्र प्रवर्तित नेशनल मिशन ऑन एडीबल ऑयल-ऑयल सीड योजना मुंगेली जिले के किसानों के लिए लाभकारी सिद्ध हो रही है। योजना के अंतर्गत प्रदाय उन्नत बीज एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को अपनाकर मुंगेली विकासखंड के ग्राम बरईदहरा निवासी कृषक नागेश्वर सिंह परिहार ने खरीफ मौसम में मूंगफली उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि प्राप्त करते हुए 1.18 लाख रुपये की आय अर्जित की है।
59 वर्षीय कृषक परिहार स्नातक (बी.ए.) शिक्षित हैं और पारंपरिक कृषि अनुभव के साथ आधुनिक तकनीकों को अपनाने में अग्रसर रहते हैं। उनके पास कुल 2 हेक्टेयर कृषि भूमि है, जिसमें से 1.5 हेक्टेयर क्षेत्र में उन्होंने उक्त योजना के अंतर्गत मूंगफली फसल का उत्पादन किया। कृषि विभाग द्वारा उन्हें 1.5 हेक्टेयर के लिए 150 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता युक्त मूंगफली बीज निःशुल्क उपलब्ध कराया गया।








