
रायपुर:भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। संगठन की पहली राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी, जो 9 जनवरी से 13 जनवरी 2026 तक दुधली, जिला बालोद, छत्तीसगढ़ में आयोजित की गई। अत्यंत भव्य, अनुशासित एवं ऐतिहासिक सफलता के साथ संपन्न हुई। इस अभूतपूर्व आयोजन के लिए भारत स्काउट्स एंड गाइड्स ने छत्तीसगढ़ के माननीय शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के दूरदर्शी नेतृत्व तथा राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के.के. खंडेलवाल (सेवानिवृत्त आई ए एस) के प्रेरणादायी मार्गदर्शन के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है।
दूरदर्शी नेतृत्व से साकार हुआ राष्ट्रीय स्वप्न
भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के राष्ट्रीय मुख्यालय, नई दिल्ली से जारी वक्तव्य में राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के.के. खंडेलवाल ने कहा कि शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के सशक्त नेतृत्व, प्रशासनिक दक्षता और निरंतर सहयोग के कारण यह राष्ट्रीय स्तर का आयोजन सीमित समय और अनेक चुनौतियों के बावजूद अत्यंत सफलतापूर्वक आयोजित किया जा सका। यह जंबूरी न केवल एक कार्यक्रम थी, बल्कि युवा नेतृत्व, अनुशासन, सेवा और राष्ट्रीय एकता का जीवंत उत्सव बन गई।
युवाओं की सुरक्षा, सुविधा और समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता
जंबूरी के आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा, चिकित्सा सुविधाओं तथा आवासीय व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। सुव्यवस्थित लॉजिस्टिक्स, मजबूत आधारभूत संरचना और प्रभावी प्रशासनिक समन्वय के कारण देशभर से आए हजारों रोवर और रेंजरों को एक सुरक्षित, अनुशासित और प्रेरणादायक वातावरण प्राप्त हुआ। हर छोटी से छोटी आवश्यकता पर भी सूक्ष्मता और संवेदनशीलता के साथ ध्यान दिया गया, जो आयोजन की उत्कृष्ट योजना और क्रियान्वयन को दर्शाता है।
स्काउटिंग आंदोलन के लिए ऐतिहासिक मील का पत्थर
यह पहली राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की यात्रा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि सिद्ध हुई है।









