
रायपुर:मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा युवाओं को कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी दिशा में जशपुर जिले में संचालित नवगुरूकुल युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन रहा है। नवगुरूकुल से प्रशिक्षण प्राप्त कर जिले की बेटियां आज न केवल रोजगार प्राप्त कर रही हैं, बल्कि आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास की मिसाल भी बन रही हैं।
नेहारिका को मिला मनपसंद रोजगार
जशपुर की नेहारिका लकड़ा, जिन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव से पूरी की, नवगुरूकुल जशपुर कैंपस से प्रोग्रामिंग कोर्स कर आज आत्मनिर्भर बन चुकी हैं। किसान पिता और रसोइया के रूप में कार्यरत माता के सीमित संसाधनों वाले परिवार से आने वाली नेहारिका को नवगुरूकुल की जानकारी स्कूल शिक्षकों के माध्यम से मिली।
नवगुरूकुल में प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ लीडरशिप, प्रोफेशनल व्यवहार, अंग्रेज़ी संचार और आत्मविश्वास जैसे जीवन कौशल भी सीखे। प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद नेहारिका को Kingdom of Chess में कस्टमर रिलेशनशिप एग्जीक्यूटिव के रूप में पहला रोजगार मिला। वर्तमान में वे KPS (Kusmi Public School) में कंप्यूटर शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। नेहारिका का कहना है कि नवगुरूकुल ने उन्हें केवल नौकरी ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और सही दिशा भी दी।







