रायपुर: छत्तीसगढ़ युवा विकास संगठन संचालित विप्र कला, वाणिज्य एवं शारीरिक शिक्षा महाविद्यालय में “रंग तरंग” वार्षिक स्नेह सम्मेलन न्यायमूर्ति दीपक तिवारी( से.नि. न्यायाधीश उच्च न्यायालय छत्तीसगढ़) के मुख्य आतिथ्य एवं राकेश चतुर्वेदी (आई.एफ.एस., से. नि. वन बल प्रमुख एवं प्रधान मुख्य वन संरक्षक छत्तीसगढ़) के अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
रंगतरंग का शुभारंभ करते हुए न्यायमूर्ति दीपक तिवारी ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी में असीम संभावनाएं हैं ।परंतु असंयमित व्यवहार और आचरण इनके प्रगति में बाधक है। इसलिए वर्तमान समय में मर्यादा, आदर्श ,संतोष, संयम, एकाग्रता और परिश्रम का पाठ पाठ्यक्रम में शामिल करना आवश्यक है। साथ ही शिक्षक और पालक को भी अपने आचरण से आदर्श प्रस्तुत करना आवश्यक है।उदघाटन समारोह के अध्यक्ष राकेश चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों को चरित्र निर्माण के साथ उज्जवल भविष्य के लिए लगन और निष्ठा के साथ परिश्रम को आवश्यक बताया।
विप्र सांस्कृतिक प्रबंध भवन समिति के अध्यक्ष नरेंद्र तिवारी एवं संरक्षक अरुण शर्मा ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं प्रेषित किया। उद्घाटन समारोह में अतिथियों के प्रति आभार प्रकट करते हुए छत्तीसगढ़ युवा विकास संगठन के अध्यक्ष ज्ञानेश शर्मा ने विद्यार्थियों को बताया कि दीपक तिवारी जी और राकेश चतुर्वेदी जी भी एक सामान्य परिवार से आते हैं और अपने मेहनत और लगन के बलबूते उच्च मुकाम पर पहुंचे ।इन्हें अतिथियों के रूप में आमंत्रित करने का उद्देश्य है कि विद्यार्थी इनसे प्रेरणा ले। इसके पूर्व समारोह का स्वागत मां सरस्वती की पूजा एवं दीप प्रज्वलन से हुआ।
यह जानकारी देते हुए प्राचार्य डॉ.मेघेश तिवारी ने बताया कि उद्घाटन समारोह के उपरांत विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम ने दर्शकों को लगभग 3 घंटे तक बांधे रखा। सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुरुआत गणेश वंदना से हुआ। इसके उपरांत शिक्षा विभाग के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नवदुर्गा का नृत्य देखकर दर्शन मंत्रमुग्ध हो गए। कंप्यूटर विभाग द्वारा प्रस्तुत कृष्ण सुदामा चरित्र नृत्य नाटिका ने सभागार में आनंद का माहौल बना दिया। कॉमर्स विभाग द्वारा प्रस्तुत छत्तीसगढ़ी नृत्य ने दर्शकों को अपने साथ झुमने के लिए मजबूर कर दिया। इसके बाद शिक्षा विभाग द्वारा प्रस्तुत शिव तांडव देखकर दर्शकों ने अपने दांतों तले उंगली दबा लिया। योग विभाग द्वारा प्रस्तुत योग के साथ नृत्य के करतब ने सबको अचंभित कर दिया। इस प्रकार लगभग 3 घंटे तक छत्तीसगढ़ दक्षिण भारत ,उत्तर भारत और अन्य प्रान्तो के विभिन्न सांस्कृतिक और लोक नृत्य ने सभागार में एक लघु भारत का निर्माण कर दिया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की इस वर्ष सबसे बड़ी विशेषता रही कि अधिकांश कार्यक्रम देशभक्ति और आध्यात्मिक भाव से प्रेरित थे। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता सुभाष तिवारी सहित प्रबंध समिति के सदस्य उमाकांत तिवारी, आनंद पांडेय ,प्रकाश तिवारी, संजय दीवान ,राजेंद्र तिवारी, विभा तिवारी ,कुसुम तिवारी ,प्रीति शुक्ला, वार्षिक उत्सव के संयोजक डॉ .दिव्या शर्मा, डॉ. आराधना शुक्ला एवं समारोह का संचालक डॉ. निधि श्री शुक्ला ने किया।वार्षिक उत्सव में समस्त प्राध्यापक ,विद्यार्थी और उसके पालक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।























