रायपुर:उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा आज नारायणपुर जिले के अतिसंवेदनशील ग्राम ओरछा पहुंचे। यहां उन्होंने नियद नेल्ला नार योजना के अंतर्गत सम्मिलित पंचायतों के विकास कार्यों को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं समाज प्रमुखों के साथ बैठक की। बैठक में जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों से आए ग्रामीण जनप्रतिनिधि तथा मांझी-चालकी, समाज प्रमुख, गायता, सिरहा, गुनिया सहित सरपंच एवं स्व सहायता समूह के सदस्य उपस्थित थे।
बैठक के दौरान उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने सभी से आत्मीय मुलाकात की और कहा कि हिंसा के साथ विकास संभव नहीं है। बस्तर अंचल के हर गांव में शांति और खुशहाली लाने के लिए राज्य सरकार पूरी निष्ठा एवं दृढ़ संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बस्तर में स्थायी शांति के लिए आवश्यक है कि माओवादी विचारधारा से प्रभावित भटके हुए युवक युवतियों को मुख्यधारा में लौटें, पुनर्वास का भी मार्ग अपनाएं अपने गांव और राज्य के विकास में सहभागी बनें।









