रायपुर:प्रदेश में लागू पारदर्शी, सुव्यवस्थित और डिजिटल तकनीक आधारित धान खरीदी व्यवस्था से किसानों को बड़ी राहत मिल रही है। टोकन प्रणाली, समयबद्ध प्रक्रिया और मूलभूत सुविधाओं के चलते अब धान विक्रय प्रक्रिया पूरी तरह सुगम, सरल और परेशानी-मुक्त हो गई है।
सरगुजा जिले सहित राज्य के विभिन्न जिलों में संचालित धान उपार्जन केंद्रों पर ‘तुंहर टोकन’ ऐप के माध्यम से टोकन कटने की सुविधा किसानों के लिए विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध हो रही है। अंबिकापुर विकासखंड के ग्राम पंचायत बकालो के किसान श्री चंद्रप्रकाश कुशवाहा ने बताया कि इस वर्ष मौसम अनुकूल रहने से फसल बेहतर हुई है। उन्होंने डिजिटल व्यवस्था का लाभ उठाते हुए ‘तुंहर टोकन’ ऐप के माध्यम से स्वयं 71.20 क्विंटल धान का पहला टोकन घर बैठे काटा।
कृषक चंद्रप्रकाश कुशवाहा ने बताया कि टोकन के अनुसार निर्धारित तिथि पर दरिमा धान उपार्जन केंद्र पहुंचते ही उन्हें गेट पास जारी किया गया। नमी परीक्षण के पश्चात तत्काल बारदाना उपलब्ध कराया गया और पूरी खरीदी प्रक्रिया निर्धारित समय में पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। उन्होंने कहा कि इस दौरान उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ा।




