रायपुर : .छत्तीसगढ़ युवा विकास संगठन संचालित विप्र कला,वाणिज्य एवं शारीरिक शिक्षा महाविद्यालय में संविधान दिवस पर राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा रेड क्रॉस सोसाइटी एवं एचडीएफसी बैंक के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया ।
रक्तदान शिविर में प्राचार्य डॉ.मेघेश तिवारी ने सर्वप्रथम रक्तदान करके विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया और बताया कि रक्तदान करने से कमजोरी या किसी भी प्रकार की शारीरिक विकार नहीं होता ।बल्कि यह स्वास्थ्य के लिए अच्छा है ,साथ ही रक्तदान करके जीवन बचाने का सबसे बड़ा पुण्य कार्य होता है। संविधान दिवस के अवसर पर रक्तदान करके विद्यार्थी भविष्य में जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनने की दिशा में कदम बढ़ाएंगे। प्राध्यापक डॉ. कंचन मिश्रा ,श्रीमती अपूर्वा शर्मा एवं डिलेश्वरी साहू ने भी रक्तदान करके विद्यार्थियों के लिए उदाहरण प्रस्तुत किया ।इसके उपरांत विद्यार्थियों ने रक्तदान करने में उत्साह दिखाया और स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत संविधान दिवस 26 नवंबर के अवसर पर 26 विद्यार्थियों ने रक्तदान किया ।
रक्तदान शिविर में रेड क्रॉस सोसाइटी ब्लड सेंटर के प्रदीप दुबे ने रक्त के अभाव में जान गंवाने वाले लोगों का आंकड़ा प्रस्तुत करते हुए बताया कि रक्तदान महादान है ,अगर देश का स्वस्थ और जागरूक युवा वर्ष में एक बार रक्तदान करता है तो देश में रक्त के अभाव में जान गंवाने वाले लोगों की जान बचाई जा सकती है। एचडीएफसी बैंक के नीरज वर्मा और विप्र कॉलेज राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रभारी पियूष उपाध्याय ने शिविर आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एचडीएफसी बैंक ने प्राचार्य डॉ.मेघेश तिवारी को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया एवं रक्तदान करने वाले समस्त प्राध्यापक और विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप उपहार और प्रमाण पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर उपस्थित अन्य प्राध्यापको और विद्यार्थियों ने अगले बार रक्तदान शिविर में रक्तदान करने का संकल्प लिया।









