रायपुर:छत्तीसगढ़ सरकार की नियद नेल्लानार योजना के अंतर्गत सुकमा जिले के दूरस्थ और संवेदनशील वनांचलों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की प्रतिबद्धता फिर से सफल साबित हुई। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन में और सीएमएचओ डॉ. आरके सिंह के मार्गदर्शन में लखापाल एवं दुलेड़ (मुकराजकोंडा पारा) में 21-22 नवंबर को दो दिवसीय विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह क्षेत्र सुकमा मुख्यालय से लगभग 110 किमी दूर घने जंगलों में स्थित है, जहां स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सामान्यतः चुनौतीपूर्ण मानी जाती है।
स्वास्थ्य शिविर में लखापाल में 133 तथा दुलेड़ में 162, कुल 295 ग्रामीणों की चिकित्सकीय जांच हुई। मरीजों को मौके पर ही निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं और आर्थिक सुरक्षा के लिए 164 नए आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए, जिनसे वे भविष्य में निःशुल्क उपचार सुविधा प्राप्त कर सकेंगे।








