रायपुर:ब्राह्मणपारा के सोहागा मंदिर धर्मशाला में सियासी इतिहास के सुनहरे पन्ने: सांसद एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने 45 साल पुरानी यादें ताजा की।
सोहागा मंदिर धर्मशाला छात्र राजनीति की एक सजीव पाठशाला थी,यहाँ की दीवारों ने न जाने कितने भावी नेताओं के सपनों को पंख दिए।
ब्राह्मणपारा स्थित प्राचीन सोहागा मंदिर धर्मशाला के नवनिर्माण पश्चात लोकार्पण समारोह में एक बार फिर से वही पुरानी रौनक और चहल-पहल देखने को मिली, जो कभी यहाँ के राजनीतिक इतिहास का अटूट हिस्सा हुआ करती थी। इस अवसर पर प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं सांसद बृजमोहन अग्रवाल बतौर लोकार्पण समारोह के अध्यक्ष उपस्थित थे। बृजमोहन अग्रवाल न केवल धर्मशाला का उद्घाटन किया, बल्कि मंदिर के देहरी पर बैठकर इसी धर्मशाला से जुड़ी अपनी 45 साल पुरानी स्मृतियों को भी ताजा किया।
बृजमोहन अग्रवाल, जो अपने छात्रजीवन में एक कद्दावर छात्र नेता के रूप में जाने जाते थे, ने लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए रविशंकर विश्वविद्यालय के छात्र संघ चुनावों के उन स्वर्णिम दिनों को याद किया, जब ब्राह्मणपारा और यह सोहागा मंदिर धर्मशाला चुनावी रणनीतिक गतिविधियों का मुख्य केंद्र हुआ करती थी।श्री अग्रवाल ने बताया, 1980 का दशक था। रविशंकर विश्वविद्यालय का छात्र संघ चुनाव किसी सियासी जंग से कम नहीं होता था। उस दौरान ब्राह्मणपारा का यह सोहागा मंदिर धर्मशाला हमारा ‘वॉर रूम’ हुआ करती थी। यहीं से चुनावी रणनीतियाँ बनती थीं, जनसंपर्क का काम होता था और ब्राह्मणपारा समर्थित केंडिडेट के जीत की रूपरेखा तैयार होती थी।
उन्होंने कहा, उस जमाने में आज की तरह संसाधन नहीं हुआ करते थे। धर्मशाला का यह बरामदा और कमरे हमारे लिए कार्यालय का काम करते थे। यहाँ बैठकर हम छात्रनेताओं को जिम्मेदारियाँ सौंपते थे । रात-रात भर यहाँ बैठकें चलतीं और चुनावी जानकारियों का आदान-प्रदान होता। ब्राह्मणपारा इलाके का यह धर्मशाला न केवल भौगोलिक रूप से बल्कि रणनीतिक रूप से भी बेहद महत्वपूर्ण स्थान था।श्री अग्रवाल के अनुसार, यह धर्मशाला केवल एक चुनावी कार्यालय भर नहीं थी, बल्कि यह छात्र राजनीति की एक सजीव पाठशाला थी। यहीं पर हमने जनता से जुड़ाव, संवाद कौशल और राजनीतिक रणनीति के गुर सीखे। यहाँ की दीवारों ने न जाने कितने भावी नेताओं के सपनों को पंख दिए। आज जब मैं इस नवनिर्मित धर्मशाला में खड़ा हूँ, तो उस इतिहास की झलक साफ दिखाई देती है।
(अजय शर्मा)












