रायपुर:आयुक्त नगर एवं ग्राम नियोजन एवं आयुक्त, छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड (अतिरिक्त प्रभार) तथा जिले के प्रभारी सचिव अवनीश शरण ने जिले के प्रवास पर बलरामपुर , रामानुजगंज, वाड्रफनगर अंतर्गत विभिन्न धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बड़कीमहरी, तातापानी, भँवरमाल, रामानुजगंज, महावीरगंज, विजयनगर, त्रिकुंडा, स्याही एवं वाड्रफनगर धान खरीदी केंद्रों में पहुंचकर खरीदी की स्थिति, सुविधाओं की उपलब्धता तथा किसानों को मिल रही व्यवस्था का प्रत्यक्ष मूल्यांकन किया।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने प्रत्येक केंद्र में धान के सुरक्षित रख-रखाव, बारदाने की उपलब्धता, डैनेज, काटे गए टोकन, पंजीकृत किसानों की संख्या और खरीदी किए गये धान की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने नमी मापक यंत्र, स्टैंसिल, तौल मशीनें, विद्युत व्यवस्था और अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता का भी परीक्षण किया। उन्होंने स्वयं नमी मापक यंत्र से धान की नमी की जांच कर गुणवत्ता का आंकलन किया और खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता व सटीकता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।









