जगदलपुर:बस्तर ओलंपिक 2025 की तीन दिवसीय जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आज कांकेर में सफलतापूर्वक समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कांकेर के सांसद भोजराज नाग शामिल हुए। उन्होंने विजयी प्रतिभागियों को पदक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
सांसद श्री नाग ने कहा कि जीवन में खेलों का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। खेल न केवल शारीरिक सुदृढ़ता प्रदान करते हैं, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य एवं सकारात्मक विचारधारा को भी प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ तन-मन के लिए खेल और योग का नियमित अभ्यास आवश्यक है तथा इनसे जुड़कर प्रत्येक व्यक्ति सशक्त और आत्मविश्वासी बन सकता है।
नरहरदेव पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि बस्तर अब लाल आतंक से मुक्त होकर नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। यहां के युवाओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें उचित मंच प्रदान करने हेतु बस्तर ओलंपिक का आयोजन महत्वपूर्ण पहल है।









