बेमेतरा:नवरात्रि पर्व पर नगर का माहौल भक्तिभाव और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर हो गया है। कृषि उपज मंडी प्रांगण में मित्र मंडल बेमेतरा द्वारा आयोजित रास गरबा महोत्सव तथा गुरु कृपा पैलेस में आयोजित माँ भद्रकाली रास गरबा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया है। इसी खास मौके पर बेमेतरा जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी रास गरबा महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि सपरिवार शामिल हुईं। कार्यक्रम के आयोजकों कल्पना योगेश तिवारी का भव्य स्वागत किया।इस मौके पर कल्पना योगेश तिवारी ने दुर्गा माता की प्रतिमा के समक्ष विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और उन्नति की कामना की। पूजा के पश्चात वे भी परंपरागत गरबा नृत्य में सम्मिलित हुईं और माँ भद्रकाली की महिमा का गुणगान किया।पूजा अर्चना के बाद उनके साथ नगर की महिलाओं, युवतियों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक गरबा खेला। पूरा वातावरण माँ दुर्गा के जयकारों और गरबा की ताल पर झूम उठा।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा, “गरबा केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि यह माँ दुर्गा की आराधना का पावन माध्यम है। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपराओं को जीवित रखते हैं और समाज में एकता, भाईचारा तथा सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।”कार्यक्रम में नगर के सैकड़ों श्रद्धालुजन, महिला मंडल, युवा वर्ग एवं सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बच्चों और युवाओं की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। आयोजन स्थल देर रात तक भक्तिभाव, गरबे की तालियों और पारंपरिक वेशभूषा से गूंजता रहा। मुख्य अतिथि कल्पना योगेश तिवारी के साथ प्रमुख रूप से आदित्य अग्रवाल, बंटी चाचा, नीरज चांडक, राहुल सलूजा, गौतम मोटवानी, गिरीश गाबेल, जगजीत खनूजा, हर्ष, आयुष जनपद सदस्य सीमा टिकरीहा, जगजीत सिंह रुबी, कमल साहु उपस्थित थे।









