रायपुर:जल संरक्षण और जनभागीदारी के क्षेत्र में बालोद जिले ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार द्वारा संचालित जल संचयन जनभागीदारी अभियान में बालोद ने पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए जिले को 2 करोड़ रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के नेतृत्व में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से जिले में जल संरक्षण और संवर्धन को लेकर व्यापक कार्य किए गए। जिले में अब तक 1 लाख 6 हजार 677 नवीन जल संरचनाओं का निर्माण किया गया है, वहीं 30 हजार 849 पूर्व निर्मित जल स्रोतों की मरम्मत एवं साफ-सफाई की गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकानों में 10 हजार वाटर रिचार्ज पिट बनाए गए हैं। इसके अलावा वन क्षेत्र में 3 लाख 88 हजार पौधरोपण कर मृदा एवं जल संरक्षण के कार्य किए गए।









