
रायपुर:भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के साथ अन्य केन्द्र प्रवर्तित योजनाओं के अभिसरण एवं व्यापक जनजागरूकता के उद्देश्य से ‘अंगीकार 2025‘ अभियान का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 31 अक्टूबर तक प्रदेश में संचालित होगा, ताकि अधिकतम पात्र हितग्राही लाभान्वित हो सकें, इसके लिए आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में विविध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
इस अभियान का राज्यस्तरीय शुभारंभ 17 सितंबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरूण साव विशेष की मौजूदगी में हुआ। इस अभियान के तहत नगरीय निकायों द्वारा व्यापक प्रचार-प्रसार, डोर-टू-डोर सर्वे, हेल्प डेस्क/कियोस्क की स्थापना एवं ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। पूर्व स्वीकृत आवासों को पूर्ण किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यूनिफाईड वेब पोर्टल एवं डोर-टू-डोर सर्वे के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का शत-प्रतिशत सत्यापन कर पात्र हितग्राहियों के प्रस्ताव भारत सरकार को भेजे जाएंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के अंतर्गत स्वीकृत समस्त आवासों का नवीन फाउंडेशन कार्य प्रारंभ किया जाएगा। एएचपी घटक अंतर्गत पूर्ण आवासों का पात्र हितग्राहियों को शत-प्रतिशत आबंटन किया जाएगा।








