दुर्ग: स्वामी आत्मानंद सभा हाल परिसर में पाटन में आयोजित 25वीं शालेय राज्य स्तरीय भारोत्तोलन एवं फेंसिंग प्रतियोगिता का समापन समारोह आज सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी मंत्री गजेन्द्र यादव थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने की। प्रतियोगिता में राज्य के पांच जोन से आए 435 छात्र-छात्राओं ने सहभाग किया। समापन अवसर पर प्रतिभागियों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया।
मुख्य अतिथि मंत्री श्री यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि खेल जीवन का आवश्यक अंग है, यह शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास का श्रेष्ठ माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रारंभ किया गया ‘‘खेलो इंडिया’’ अभियान युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित कर रहा है। प्रतियोगिताएं बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना तथा जीतने का जज्बा विकसित करती हैं। उन्होंने विजेताओं सहित सभी प्रतिभागियों को प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।







