
रायपुर:राज्य के सभी 55 नगर पालिकाओं के अध्यक्ष और मुख्य नगर पालिका अधिकारी देश के सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल सूरत के अध्ययन भ्रमण पर जाएंगे। अपने तीन दिवसीय अध्ययन प्रवास के दौरान वे सूरत नगर निगम की सफाई व्यवस्था, कचरा संग्रहण और अपशिष्ट प्रबंधन के साथ ही शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए अपनाए गए नवाचारों का अध्ययन करेंगे। वे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा नागरिकों से संवाद कर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के गुर भी सीखेंगे।
अध्ययन यात्रा के पहले बैच में 28 नगर पालिकाओं के अध्यक्ष और मुख्य नगर पालिका अधिकारी 28 अगस्त से 30 अगस्त तक सूरत में साफ-सफाई की व्यवस्था का अध्ययन करेंगे। वहीं दूसरे बैच में 27 नगर पालिकाओं के अध्यक्ष और मुख्य नगर पालिका अधिकारी 1 सितम्बर से 3 सितम्बर तक सूरत में अपने-अपने शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के तरीके सीखेंगे। इस भ्रमण से राज्य के नगरीय निकायों को स्वच्छता के प्रति दृष्टिकोण बदलने में मदद मिलेगी। अध्ययन भ्रमण से प्राप्त अनुभव नगर पालिकाओं को स्थायी, सहभागी एवं नवाचारयुक्त अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली विकसित करने में सक्षम बनाएंगे।







