रायपुर:उद्योग और शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग को मजबूत करने और कौशल आधारित शिक्षा को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, डाइकिन एयर-कंडीशनिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने भिलाई इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (बीआईटी), रायपुर के सहयोग से आज बीआईटी रायपुर परिसर में एक उत्कृष्टता केंद्र (Centre of Excellence – CoE) का उद्घाटन किया।
उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता आई. पी. मिश्रा, अध्यक्ष एवं सदस्य सचिव, बीआईटी ट्रस्ट ने की। उन्होंने कहा कि बीआईटी रायपुर में स्थापित डाइकिन सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, उद्योग और शैक्षणिक संस्थानों के बीच बढ़ती साझेदारी का प्रमाण है और यह छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश में एचवीएसी (हीटिंग, वेंटिलेशन और एयर कंडीशनिंग) के क्षेत्र में अगली पीढ़ी के पेशेवरों को तैयार करने में सहायक सिद्ध होगा।
इस अवसर पर कुणाल बसु, एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट, डाइकिन एयर-कंडीशनिंग इंडिया प्रा. लि., सुभोध सिंह, ब्रांच ऑपरेशंस हेड, छत्तीसगढ़ (डाइकिन), और डॉ. रामकृष्ण मिश्रा, प्राचार्य, बीआईटी रायपुर भी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने इस बात पर जोर दिया कि छात्रों को आज के प्रतिस्पर्धी रोजगार बाजार में प्रासंगिक बनाए रखने के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण और उद्योग आधारित अनुभव अत्यंत आवश्यक है।
इस आयोजन के दौरान डाइकिन और बीआईटी रायपुर के बीच एक आधिकारिक समझौता ज्ञापन (MoU) पर भी हस्ताक्षर किए गए, जो एचवीएसी क्षेत्र में एक भविष्य-उन्मुख और कुशल कार्यबल तैयार करने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
यह नया उत्कृष्टता केंद्र विशेष रूप से 12वीं पास, डिप्लोमा और स्नातक छात्रों को रेफ्रिजरेशन और एयर-कंडीशनिंग में विशेष तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से स्थापित किया गया है। यह केंद्र न केवल तकनीकी प्रशिक्षण देगा, बल्कि डाइकिन के माध्यम से प्लेसमेंट सहायता भी प्रदान करेगा, जिससे छात्र रोजगार के लिए तैयार हो सकें।
इस पहल का संचालन बीआईटी रायपुर के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट विभाग द्वारा किया गया, जिसका नेतृत्व डॉ. मो. ख्वाजा मोहिद्दीन, डीन प्रशासन एवं प्रशिक्षण व प्लेसमेंट समन्वयक ने किया। आयोजन समिति में डॉ. एस.एस.के. दीपक, प्रो. के.जी.एस. शर्मा, और प्रो. अपर्णा पांडे ने भी सक्रिय भूमिका निभाई, जिनके समर्पित प्रयासों से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।









