
रायपुर:इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर तथा डेनाऊ इस्टीट्यूट ऑफ इंटरप्रेन्योरशिप एंड पेडागॉजी उज्बेकिस्तान के मध्य शिक्षा तथा अनुसंधान हेतु हुए समझौते के तहत डेनाऊ इस्टीट्यूट ऑफ इंटरप्रेन्योरशिप एंड पेडागॉजी उज्बेकिस्तान का एक आठ सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल 21 अगस्त 2025 को इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के प्रवास पर आएगा और यहां दोनो संस्थानों के मध्य शिक्षा तथा अनुसंधान के क्षेत्र में किये जाने वाले कार्यों का जायजा लेगा। डेनाऊ इस्टीट्यूट ऑफ इंटरप्रेन्योरशिप एंड पेडागॉजी उज्बेकिस्तान के रेक्टर डॉ. रोजिव के नेतृत्व में आने वाला यह प्रतिनिधि मंडल कृषि विश्वविद्यालय में उपलब्ध अधोसंरचनाओं एवं अनुसंधान सुविधाओं का अवलोकन करेगा। इस अवसर पर इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल की अध्यक्षता में एक ब्रेन स्टॉर्मिंग सत्र का आयोजन भी किया जाएगा जिसमें दोनों विश्वविद्यालयों के वरिष्ठ अधिकारी, वैज्ञानिक एवं प्राध्यापकगण कृषि, पर्यावरण, जल संरक्षण तथा विज्ञान के अन्य क्षेत्रों में शिक्षा एवं अनुसंधान की संभावनाओं पर विचार विमर्श करेंगे।








