दिल्ली:अमेरिका की डोनाल्ड ट्रंप की सरकार की नीतियों की अब देश में ही कड़ी आलोचना होने लगी है. भारत पर अतिरिक्त टैरिफ लगाने के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फैसले के बाद से ही एक्सपर्ट और पॉलिटिकल लीडर्स उनकी आलोचना करने लगे हैं. अब अमेरिका की दिग्गज नेता और यूएन में अमेरिका की पूर्व राजदूत निक्की हेली ने ट्रंप की इस नीति की कड़ी आलोचना की है. निक्की हेली ने कहा कि अगर अमेरिका भारत को नजरअंदाज करता है, तो यह बड़ी रणनीतिक आपदा होगी। उन्होंने कहा कि भारत ही चीन का मुकाबला करने में अमेरिका का सबसे मजबूत और लोकतांत्रिक साझेदार बन सकता है।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर अमेरिका भारत के साथ पिछले 25 वर्षों से बने संबंधों की रफ्तार रोकता है, तो यह एक ‘रणनीतिक आपदा’ होगी। निक्की हेली ने भारत और चीन के बीच एक मजबूत साझेदारी को बेहद आसान बताया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है और उसका उदय स्वतंत्र दुनिया के लिए कोई खतरा नहीं है। इसके उलट, चीन की ताकत बढ़ना दुनिया के लिए चुनौती है, क्योंकि वह कम्युनिस्ट शासन के तहत चलता है।









