रायपुर:मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन में आधुनिक तकनीक व डिजिटल क्रांति का अत्यधिक लाभ जनता तक तत्काल पहुंचाने की विशेष पहल का लाभ दिखने लगा है। बस्तर जिले में कलेक्टर श्री हरिस एस के निर्देशन में शुरू की गई अभिनव डिजिटल पहल ष्आमचो बस्तरष् जन शिकायत निवारण पोर्टल आम लोगों की समस्याओं के समाधान में अत्यंत प्रभावशाली सिद्ध हो रही है। यह पोर्टल ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को सीधे जिला प्रशासन से जोड़ते हुए उनकी शिकायतों, मांगों और सुझावों को त्वरित और पारदर्शी ढंग से हल करने का एक सशक्त माध्यम बन चुका है।
सोलर ड्यूल पम्प संयंत्रों को मिला जीवनदान, ग्रामीणों को राहत
घाटकवाली (जुनापारा) और तुसेल (जुनापारा) ग्रामों में स्थापित सोलर ड्यूल पम्प संयंत्र कार्यशील नहीं होने की शिकायतें आमचो बस्तर पोर्टल पर प्राप्त हुई थीं। घाटकवाली निवासी पदमनाग कश्यप द्वारा की गई शिकायत पर क्रेडा जिला कार्यालय ने तत्काल कार्यवाही की। क्रेडा सीईओ राजेश सिंह राणा के निर्देश पर संबंधित तकनीशियन द्वारा संयंत्र में नवीन पैनल, केबल एवं स्ट्रक्चर सुधार कर 28 जुलाई 2025 को संयंत्र को पुनः क्रियाशील किया गया।
इसी प्रकार, तुसेल ग्राम में जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत स्थापित संयंत्र की तकनीकी समस्याओं को दूर कर 03 अगस्त 2025 को पुनः संचालन प्रारंभ किया गया। इसमें केबल, एमसीबी, स्विच आदि की मरम्मत की गई। इन सुधार कार्यों से वर्षा ऋतु में स्वच्छ पेयजल की समस्या का समाधान हुआ है, जिससे ग्रामीणजन अत्यंत संतुष्ट और उत्साहित हैं।










