
रायपुर:उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव से इंदौर के पांच दिवसीय अध्ययन प्रवास से लौटे सभी महापौर और आयुक्त अपने अनुभव साझा करेंगे। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा इसके लिए कल 10 जुलाई को शाम चार बजे नवा रायपुर स्थित विश्राम भवन में कार्यशाला आयोजित की गई है। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव राज्य के शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाने इंदौर की बेस्ट प्रेक्टिसेस को लागू करने अध्ययन दौरे से लौटे महापौरों और आयुक्तों के साथ मंथन करेंगे। प्रदेश में स्वच्छता अभियान को लेकर भविष्य की योजनाओं, नवाचारों और रणनीतियों पर भी कार्यशाला में चर्चा होगी।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि छत्तीसगढ़ स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के अंतर्गत विभिन्न नवाचारों के साथ नित नए प्रयोग कर रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन के सपनों को धरातल पर भी सफल करना हमारा लक्ष्य है। इस लक्ष्य को हासिल करने आवश्यक कदम उठाने और नवाचारों के अध्ययन के लिए हमारे महापौरों एवं आयुक्तों ने इंदौर शहर का अध्ययन किया है। इस दौरान प्राप्त अनुभवों को साझा करने के लिए कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इसमें राज्य के सभी नगर निगमों के महापौर और आयुक्त उपस्थित रहेंगे। कार्यशाला में राज्य के शहरों को स्वच्छ एवं सुविधापूर्ण बनाने विचार व अनुभव साझा किए जाएंगे।







