
रायपुर:राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए नागरिक अभियान के अंतर्गत 17 मई को प्रदेश भर के प्रत्येक गांव, नगर और पंचायत में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह यात्रा देश की सुरक्षा में नागरिक सहभागिता के संकल्प के साथ आयोजित की जा रही है, जिसमें जनप्रतिनिधियों से लेकर आम नागरिकों तक की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री तथा मंत्रीगण स्वयं इस प्रदेशव्यापी यात्रा में सम्मिलित होंगे। सांसद, विधायक, जिला एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष, सदस्यगण तथा पंचायत प्रतिनिधि और अन्य जनप्रतिनिधियों को भी इस आयोजन में आमंत्रित किया गया है। यात्रा की अगुवाई राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए नागरिक शीर्षक वाले बैनर से की जाएगी और इसके साथ ऑपरेशन सिंदूर का अधिकृत लोगो प्रमुख रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। यात्रा का प्रमुख आकर्षण “हम सेना के साथ हैं” और “ऑपरेशन सिंदूर के साथ राष्ट्र” जैसे बड़े बैनर होंगे, जो नागरिकों के मन में राष्ट्रभक्ति की भावना को जागृत करेंगे।
इस अवसर पर देश की सशस्त्र सेनाओं, अर्धसैनिक बलों के योगदान को सराहते हुए भारत की जीत, सशस्त्र बलों तथा सैनिकों और उनके परिवारों को धन्यवाद के संदेश वाली तख्तियों लोगों के हाथों में होंगे।








