बेमेतरा:जिला पंचायत चुनाव में ऐतिहासिक और रिकॉर्डतोड़ जीत दर्ज करने वाली नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी ने आज जिला पंचायत कार्यालय में पदभार ग्रहण किया। इस विशेष अवसर पर पूज्य दंडी स्वामी डॉ इंदुभवानंद तीर्थ जी महाराज एवं पूज्य दंडी स्वामी ज्योतिर्मयानंद सरस्वती जी महाराज की पावन उपस्थिति ने इस समारोह को आध्यात्मिक आशीर्वाद से भर दिया।
पूज्य दंडी स्वामी डॉ इंदु भवानंद तीर्थ जी महाराज एवं पूज्य दंडी स्वामी ज्योतिर्मयानंद सरस्वती जी महाराज ने कल्पना योगेश तिवारी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनसेवा का संकल्प ही सबसे बड़ा धर्म है, और आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में बेमेतरा विकास की नई ऊँचाइयों तक पहुंचेगा।
कल्पना योगेश तिवारी ने इस अवसर पर जनता को संबोधित करते हुए कहा,” यह जीत सिर्फ मेरी नहीं, बल्कि बेमेतरा की जनता, किसानों और सभी कार्यकर्ताओं की जीत है। यह जिम्मेदारी मुझे आप सभी के आशीर्वाद और अपार समर्थन से मिली है, और मैं संकल्प लेती हूँ कि बेमेतरा के हर गांव, हर किसान और हर नागरिक की भलाई के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करूंगी ו”उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता गांवों के विकास, किसानों की समस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने की रहेगी।
पदभार ग्रहण समारोह में वरिष्ठ भाजपा नेता योगेश तिवारी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता, किसान साथी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने के लिए क्षेत्रभर से भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में पहुंचे थे।












