बिलासपुर:76वां गणतंत्र पर्व में गरिमामय माहौल में उत्साहपूर्वक मनाया गया। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने संभागीय मुख्यालय बिलासपुर के पुलिस परेड मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। मंत्री श्री चौधरी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया।
मुख्य अतिथि श्री चौधरी ने शांति के प्रतीक सफेद कबूतर उड़ाए और हर्षाेल्लास और उमंग के प्रतीक तिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े। श्री चौधरी ने नक्सल हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों को सम्मानित किया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले 139 अधिकारी-कर्मचारी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
भव्य एवं आकर्षक परेड का प्रदर्शन
परेड कमाण्डर प्रशिक्षु आईपीएस सुमीत कुमार द्वारा राष्ट्रगान की धुन पर सलामी दी गई। परेड कमाण्डर के नेतृत्व में पूरे परिधान में सजे हुए 13 प्लाटूनों ने भव्य एवं आकर्षक परेड का प्रदर्शन किया।









