रायपुर:गणतंत्र दिवस समारोह दुर्ग जिले में पूरे हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने जिला मुख्यालय दुर्ग में आयोजित गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। उन्होंने उल्लास एवं उमंग के प्रतीक रंगीन गुब्बारे आसमान में छोड़े। इस अवसर पर डॉ. सिंह ने शहीदों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
गणतंत्र दिवस समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि गणतंत्र दिवस का यह पावन पर्व हमें यह अवसर प्रदान करता है कि हम देश की आजादी के लिए हमारे स्वंतत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के संघर्ष एवं बलिदान को स्मरण कर उन्हें नमन करें। देश के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के पावन प्रयास, समर्पण, साहस, त्याग से न केवल देश को स्वतंत्रता प्राप्त हुई, अपितु एक सफल गणतंत्र भी निर्माण हुआ। विगत सात दशकों से अधिक की हमारे भारतीय गणतंत्र की यात्रा में हमने उन्न्त, विकसित प्रजातंत्र का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया है।









