रायपुर:प्रयागराज कुंभ स्थित छत्तीसगढ़ पवेलियन में 76वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को गणतंत्र दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी। छत्तीसगढ़ पवेलियन में भारत माता और महात्मा गांधी के छायाचित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर देशभक्ति, एकता और संविधान के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिरिक्त कलेक्टर अरुण मरकाम ने कहा कि 26 जनवरी का दिन हर भारतीय के लिए गर्व का दिन है। यह वह ऐतिहासिक दिन है जब हमारा संविधान लागू हुआ और भारत एक सशक्त लोकतंत्र बना। उन्होंने पवेलियन में मौजूद छत्तीसगढ़ से आए तीर्थ यात्रियों को गणतंत्र दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं।









