नई दिल्ली:प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आजमगढ़ में एक चुनावी सभा को संबोधित किया. उन्होंने नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) को लेकर कहा “आज तक ये INDI गठबंधन वाले कहते हैं कि मोदी जो CAA लाया है, वह जब मोदी जाएगा तब CAA भी जाएगा। क्या इस देश में कोई माई का लाल पैदा हुआ है जो CAA को खत्म कर सके। यह देश जान गया है कि इन लोगों ने वोटबैंक की राजनीति करके, हिंदू-मुसलमान को लड़ाकर धर्मनिरपेक्षता का ऐसा चोला पहन लिया था कि इनकी सच्चाई सामने नहीं आती थी, यह मोदी है जिसने आपका यह नकाब उतारा है. प्रधानमंत्री ने आजमगढ़ के लालगंज में अपनी पहली रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी की गारंटी का ताजा उदाहरण यह है कि CAA लागू होने के बाद पहले चरण में लोगों को नागरिकता दे दी गई।उन्होंने कहा CAA कानून के तहत कल से नागरिकता देने का जो काम शुरू हुआ है, उसे अब कोई नहीं रोक सकता, ये मोदी की गारंटी है।‘370’ पर मोदी की गारंटी पूरी होने के बाद श्रीनगर में लोगों ने जिस उमंग और उत्साह के साथ मतदान किया है, उससे साफ है कि जम्मू-कश्मीर में अब वोट बैंक की राजनीति नहीं चलने वाली।प्रधानमंत्री ने कहा आजमगढ़ के साथ ही उत्तर प्रदेश के मेरे परिवारजनों का अभूतपूर्व समर्थन, स्नेह और आशीर्वाद भाजपा की जीत की गारंटी बन गया है।











