
रायपुर:प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत छत्तीसगढ़वासियों को 34 हजार 427 करोड़ रूपए की 10 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास कर विकास कार्यों की बड़ी सौगात देंगे। इनमें 18,897 करोड़ रूपए की लागत वाली 9 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 15,530 करोड़ रूपए लागत की 1 परियोजना का शिलान्यास शामिल है।
विकसित भारत संकल्प यात्रा का मुख्य कार्यक्रम मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में राजधानी रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आज 24 फ़रवरी को दोपहर 12 बजे से होगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी विभिन्न योजना के हितग्राहियों से वर्चुअली जुड़ेंगे और संवाद भी करेंगे।







