
दुर्ग: जिले की जूडो खिलाड़ी पूर्णिमा ने 67वीं राष्ट्रीय शालेय जूडो प्रतियोगिता श्रीगंगानगर राजस्थान में सीनियर (19वर्ष) वर्ग के अपने वजन वर्ग (- 44 kg) में कांस्य पदक अर्जित कर राज्य एवं अपने जिले को गौरवान्वित किया है।
पूर्णिमा ने सेकंड राउंड में उड़ीसा को थर्ड राउंड क्वार्टर फाइनल में हरियाणा को हराकर सेमीफाइनल पहुंची जहां उन्हें गुजरात से कड़ी टक्कर के बाद हार का सामना करना पड़ा परंतु उन्होंने कांस्य पदक के लिए मध्य प्रदेश के खिलाड़ी को उच्चतम अंक से पराजित कर दिया एवं कांस्य पदक प्राप्त किया।
राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता राजस्थान के गंगानगर में 14 से 19 जनवरी 2024 तक आयोजित की जा रही है। शालेय जूडो प्रतियोगिता में भारतीय जूडो महासंघ के ब्लैक बेल्ट एवं बस्तर जिला जूडो संघ के सचिव अब्दुल मोइन के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की टीम भाग ले रही है।
पूर्णिमा राज्य की उदीयमान जूडो खिलाड़ी है इन्होंने अनेक राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक अपने नाम किया है। “सब्जी विक्रेता” श्री शिवजी शाह एवं सावित्री देवी की पुत्री पूर्णिमा जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शारदापारा, गांधी चौक कैंप दो भिलाई में अध्यनरत है।
पूर्णिमा की इस उपलब्धि पर जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य चंद्र प्रकाश चौधरी एवं समस्त शिक्षक प्रदेश जूड़ो संघ के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी, महासचिव शंभू राम सोनी, कोषाध्यक्ष सतीश सिंह, सह सचिव अब्दुल मोइन रायपुर जिला जूडो संघ के अध्यक्ष अनीस मेमन, राष्ट्रीय रेफरी पी किशोर, शेख शरीफ, किरण शर्मा, श्वेता यादव सहित समस्त पदाधिकारीयो ने बधाइयां एवं शुभकामनाएं दी है।








